रोहित शर्मा को टी20 विश्व कप के बाद भारतीय टी20 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा किस तरह के कप्तान हैं यह उनका आईपीएल रिकॉर्ड बताता है। आईपीएल में रोहित शर्मा एक मात्र ऐसे कप्तान है, जिन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम को 5 बार आईपीएल का खिताब दिलाया है।
भारत के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा का कहना है कि हिटमैन को इतना बड़ा कप्तान बनाने में एडम गिलक्रिस्ट का महत्वपूर्ण योगदान है। एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद ने आईपीएल का खिताब जीता था और उन्हीं के कप्तानी में रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की शुरूआत की थी।
प्रज्ञान ओझा ने आगे बताया कि, ‘रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़े कप्तान रहे हैं। जब एडम गिलक्रिस्ट डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के कप्तान थे उस समय कई वरिष्ठ खिलाड़ी डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के टीम में थे, इतने वरिष्ठ खिलाड़ी के रहने के बाबजूद एडम गिलक्रिस्ट ने रोहित शर्मा की योग्यता को पहचानकर हैदराबाद टीम का उपकप्तान बनाया था। जिसका श्रेय एडम गिलक्रिस्ट को जाता है।
इसी के चलते प्रज्ञान ओझा का मानना है कि कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा की सफलता का श्रेय एडम गिलक्रिस्ट को ही मिलना चाहिए। 2013 में मुंबई इंडियंस टीम का कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। क्रिकेट प्रशंसक को उम्मीद है कि रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम कई आईसीसी खिताब जितेगी।